ग्वालदम में बने पेयजल संकट को दूर करने के लिए एसएसबी ने कमान संभाली है। एसएसबी ने एक नौ हजार लीटर का टैंकर लगाकर लोगों को पानी उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है। ग्वालदम की तीन हजार से अधिक आबादी में पिछले एक माह से पेयजल संकट बना है।
यहां पानी की सप्लाई बागेश्वर जिले की सीमा पर करूलपानी गदेरे से होती है, लेकिन पेयजल स्रोत पर पानी घटने और सड़क सुधारीकरण के चलते कई जगह लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रधान मीनू टम्टा ने बताया कि जलसंस्थान से ग्वालदम और माल बज्वाड़ के लिए टैंकर की व्यवस्था करने की मांग की गई, लेकिन टैंकर नहीं पहुंचा।
ग्रामीण दयाल टम्टा, खिलाफ सिंह, भावना रावत, कला देवी, हरीश चंद्र आदि ने कहा कि भारी पेयजल संकट को देखते हुए एसएसबी के अधिकारियों से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की गुहार लगाई गई, जिस पर एसएसबी के कमांडेंट सुमित जोशी की पहल पर ग्वालदम बाजार और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए एक 9000 लीटर के टैंकर की व्यवस्था की गई।
इधर, जलसंस्थान के अवर अभियंता एससी गंगोला ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार थराली के लिए टैंकर की व्यवस्था की जा चुकी है, लेकिन अभी तक उनके पास टैंकर नहीं पहुंचा। टैंकर पहुंचने पर भी व्यवस्था की जाएगी।