छुट्टी पर घर आए असम राइफल के जवान की हार्टअटैक से हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। असम राइफल में तैनात राइफलमैन किशन सिंह बिष्ट (41) का हार्टअटैक से निधन हो गया था। शुक्रवार को अलकनंदा नदी के तट पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। गमगीन माहौल में उनके 14 वर्षीय बेटे आयुष बिष्ट और भाई सोबन सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी।
राइफलमैन किशन सिंह बिष्ट असम के चांगलांग जिले के खरसंग में तैनात थे और छुट्टी लेकर परिवार के साथ साकेतनगर गौचर में रह रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्टअटैक की आशंका बताया। किशन सिंह अपने पीछे पत्नी, बेटा और दो दस वर्षीय बेटियों (जुड़वा) को शोकाकुल छोड़ गए हैं। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भट्टनगर अलकनंदा नदी घाट पर लाया गया। जहां 6 ग्रेनेडियर रुद्रप्रयाग के जवानों ने उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर बैंड धुन के साथ गार्ड ऑफ आनर की सलामी दी। इसके बाद उनके बेटे और भाई ने चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस मौके पर परिजन, ग्रामीण, सेना के जवान और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।