मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसपी कुड़ियाल ने जिला चिकित्सालय के साथ ही जनपद के विभिन्न सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व एएनएम सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों से अनुपस्थित रहने पर छह कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी, गैरसैंण, थराली मालसी (गैरसैंण), भटोली, नारायणबगड़, थराली और देवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों से कर्मचारी नदारद मिले। सीएमओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है। हापला घाटी में अभी तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में चल रहा है। यहां शीघ्र स्वास्थ्य विभाग के भवन बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके लिए बजट भी प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रतिमाह अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों को अस्पतालों में दवाओं के रख-रखाव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में अस्पताल भवनों के जीर्णशीर्ण होने की स्थिति में यहां भी नए भवनों का निर्माण किया जाएगा।