गौचर में दो दिवसीय संस्कृत प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार की ओर से आयोजित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में दो दिवसीय खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन वरिष्ठ वर्ग की स्पर्धाएं हुईं। जीजीआईसी सभागार में आयोजित प्रतियोगिताओं के श्लोक उच्चारण और आशुभाषण में बद्रीश कीर्ति संस्कृत विद्यापीठ सिमली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समूह गान और समूह नृत्य में पीएम श्री राजकीय बालिका गौचर प्रथम रहा। वाद-विवाद प्रतियोगिता में राइंका लंगासू ने पहला स्थान हासिल किया। विभिन्न विद्यालयों के अन्य प्रतिभागियों ने भी द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। खंड संयोजक बालकृष्ण उपाध्याय ने प्रतिभागियों और निर्णायकों का आभार व्यक्त किया। सभी सफल प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मंच का संचालन डॉक्टर प्रवीण शर्मा ने किया।
संस्कृत भारतीय ज्ञान और परंपरा की धरोहर
नारायणबगड़/देवाल। थराली के जीआईसी कुलसारी में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता संपन्न हुई। बीईओ भूपेंद्र ढोंडियाल और वेद आचार्य कृष्णानंद पंत ने संस्कृत को भारतीय ज्ञान और परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर बताया। कार्यक्रम में जीआईसी थराली, चेपडों, जीआईसी कुलसारी और जीआईसी नारायण नगर सिनाई के छात्रों ने विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सफल प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य शंकर दत्त पुरोहित ने अध्यक्षता की। वहीं देवाल में अटल उत्कृष्ट राइंका में हुई प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने कई वर्गों में पुरस्कार जीते। वरिष्ठ वर्ग के समूहगान में राइंका देवाल प्रथम, मुंदोली द्वितीय और सवाड़ तृतीय रहा। समूह नृत्य में राइंका ल्वाणी ने पहला और देवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। श्लोकोच्चारण में राइंका (देवाल) प्रथम, सवाड़ द्वितीय और मुंदोली तृतीय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रावत ने की और संचालन शिक्षक उमेश थपलियाल ने किया। संवाद