फोटो
जर्जर स्थिति को देखते हुए लोनिवि ने लिया निर्णयअमर उजाला में प्रकाशित खबर का विभाग ने लिया संज्ञान
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। लोक निर्माण विभाग गौचर ने सिमली-डिम्मर झूला पुल को आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। यह पुल आठ दशक पुराना और जर्जर हालत में था जिससे आवाजाही में लोगों को खतरा बना हुआ था।
लोनिवि ने पुल पर लोहे की बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही रोक दी है। यह झूला पुल डिम्मर, बांगड़ी, सुमल्टा, केलापानी और बणसोली सहित कपीरी पट्टी के दर्जनों गांवों की आवाजाही का रास्ता है। मगर यह पिछले एक दशक से जीर्णशीर्ण हो गया था। इसके ढीले सपोर्ट वायर से कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे पर बड़े वाहन फंस रहे थे जिससे अक्सर जाम लगता था। ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों की शिकायतों को अमर उजाला ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की थी इसका अब विभाग ने संज्ञान लिया। अब लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि पुल को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। जल्द इसके ध्वस्तीकरण की निविदा निकाली जाएगी। फिलहाल ग्रामीण आवाजाही के लिए पास के सिमली-डिम्मर मोटर पुल का उपयोग कर रहे हैं।