बदरीनाथ धाम, अनसूया माता और इंद्रामति मंदिर में भी विशेष अनुष्ठान हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/नंदानगर/ज्योतिर्मठ। रविवार से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है। चमोली जिले में मां नंदा के सिद्धपीठ कुरुड़ में घटस्थापना के साथ नवरात्र पूजन शुरू हुआ। वहीं बदरीनाथ धाम सहित माता अनसूया मंदिर, इंद्रामति मंदिर और ज्योतिर्मठ के प्राचीन नवदुर्गा मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना और दुर्गा सप्तशती के पाठ शुरू हो गए हैं।
नंदानगर के सिद्धपीठ कुरुड़ में रविवार सुबह से अनुष्ठान शुरू हुए। बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल (सेनि.) हरेंद्र सिंह रावत और मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला के नेतृत्व में गौड़ आचार्य ब्राह्मणों ने मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर में कलश स्थापना के साथ हरियाली भी बोई गई। बदरीनाथ धाम स्थित देवी मंदिर में बीकेटीसी की ओर से घटस्थापना की गई। नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी ने मां भगवती का अभिषेक किया। आचार्य विजय प्रसाद पांडेय सहित अन्य ने पूजा-अर्चना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। नौ दिनों तक माता उर्वशी की विशेष पूजा होगी। माता अनसूया और घुड़साल स्थित इंद्रामति मंदिर में भी नवरात्र पाठ शुरू हो गए हैं। ज्योतिर्मठ के प्राचीन नवदुर्गा मंदिर में भी पूजन हो रहा है। स्वामी प्रत्यक्चैतन्य मुकुंदानंद गिरी महाराज के अनुसार यहां नौ दुर्गा के स्वरूप एक ही दिव्य शिला में विराजमान हैं।