नगर पालिका परिषद और जल संस्थान के प्रयासों के बावजूद नगर में सीवरेज की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। यहां कई मोहल्लों में लीकेज सीवर लाइन सड़कों पर बह रही है। व्यापारियों ने कहा कि अधिकारियों को समस्या बताने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। व्यापार संघ ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग उठाई।
गोपेश्वर में इंदिरा मार्केट के नीचे सीवर लाइन लीकेज हो रही है, जिससे गंदगी आम रास्तों पर बह रही है जिससे राहगीरों का चलना भी मुश्किल हो गया है। पोस्ट ऑफिस, जल निगम कालोनी, सुभाषनगर, वसंत विहार में भी यही स्थिति बनी है। जिला अस्पताल के पास भी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी है। व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित ने कहा कि कई बार नगर पालिका को समस्या से अवगत कराने के बावजूद लोगों को समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। वहीं, चमोली बाजार के निचले क्षेत्र में भी सीवर की पुरानी लाइन कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। अपर बाजार में सीवर रास्तों में बह रही है। नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल का कहना है कि जहां-जहां सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है, वहां सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। नगर में नई सीवर लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो गया है। जल्द सीवर की समस्या दूर हो जाएगी।