ग्वालदम-खंपाधार चिड़िंगा मल्ला मार्ग छह दिनों बाद भी यातायात के लिए नहीं खुल पाया है। इससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना पड़ रहा है। बारिश के कारण मार्ग दलदल बन गया है जिससे बच्चों को स्कूल इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है। उन्होंने लोनिवि से सड़क खोलने की मांग की।
24 जुलाई को हुई बारिश से प्रावि चिड़िंगा मल्ला के नीचे और चायखाना मोड़ पर भारी मात्रा में मलबा आने से ग्वालदम-खंपाधार चिड़िंगा मल्ला मार्ग बाधित हो गया था। इस कारण देवाल से ग्वालदम होते हुए कुमाऊं जाने वाले वाहनों को 20 किमी. अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। चिड़ंगा से ग्वालदम का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। ग्रामीणों ने बताया कि चिड़ंगा गांव का बाजार ग्वालदम है। यहां से बच्चे राइंका ग्वालदम में पढ़ने जाते हैं, जिससे उन्हें पांच किमी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है और दलदल से होकर गुजरना पड़ रहा है। चिड़ंगा मल्ला, चिड़ंगा स्टेट, अखोड़सारी, चिड़िंगा खालसा, मगरकुड़ा, चायखाना के ग्रामीणों को भी सड़क बंद होने से परेशानी हो रही है। ग्रामीण पुष्कर सिंह, ललित प्रसाद, नवीन चंद्र, मनोज जोशी, हरेंद्र सिंह आदि का कहना है कि विभाग को सूचना देने के बाद भी सड़क नहीं खुल पाई है। वहीं लोनिवि के जेई संतोष पंत ने कहा कि सड़क पर स्कबर बंद हैं और स्क्रबर खोलने का टेंडर हो चुका है। जल्द सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।