देवाल। बलाण गांव के लिए पीएमजीएसवाई की ओर से पांच साल पहले 11 किमी सड़क बनाई गई। मगर घटगदेरे में मोटर पुल न बनने से ग्रामीणों को आज भी पौन किमी पैदल चलना पड़ रहा है।
वर्ष 2022 में ही 24 मीटर स्पॉन के इस मोटर पुल के टेंडर हो चुके थे और ढाई करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत है लेकिन सड़क न होने के कारण कार्यदायी संस्था ‘ब्रिज एंड रूफ’ चार साल से इसका निर्माण शुरू नहीं कर सकी। हाल ही में विभाग की ओर से गांव तक 2.2 किमी लिंक रोड की कटिंग किए जाने के बाद अब गदेरे का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। गांव के पूर्व उप प्रधान वीरेंद्र कुमार और बीडीसी मेंबर प्रदीप दानू ने जिलाधिकारी से शीघ्र पुल निर्माण की मांग की। उधर ब्रिज एंड रूफ के एई आसिद दास का कहना है कि सड़क न होने से काम रुका था। अब पुल की तैयारी हो चुकी है। जल्द मोटर पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।