मानदेय और लंबित बिलों का भुगतान नहीं होने पर गुस्साए
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर राशन विक्रेता लंबित मांगों को लेकर एक जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। हड़ताल को लेकर चमोली जिले के राशन विक्रेता आंदोलन की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। विक्रेताओं ने एलान किया कि जब तक उनके मानदेय और लंबित बिलों का भुगतान नहीं हो जाता तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि मानदेय की मांग लंबे समय से की जा रही है जबकि लंबित बिलों का भुगतान भी नहीं किया गया है। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के पोखरी ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चौधरी ने कहा कि कोरोना काल में 2021-22 में बांटे गए राशन का लाभांश और भाड़े का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। वर्तमान समय में विक्रेताओं को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत वितरित किए जा रहे राशन के लाभांश और भाड़े का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर संगठन के उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश सेमवाल, महामंत्री संपूर्णानंद डिमरी, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, कुशाल चौधरी, विष्णु प्रसाद पंत, जयवीर लाल, यतीश चमोला और नीरज कंडारी आदि मौजूद रहे।