ग्रामीणाें ने डीएम और लोनिवि के ईई को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नीती घाटी के जुवाग्वाड़ गांव के ग्रामीणों ने धौली गंगा पर झूला पुल के निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि 7 फरवरी 2021 को रैणी आपदा में पुल बह गया था, लेकिन आज तक लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल का निर्माण कार्य भी शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों को ट्रॉली से आवाजाही करनी पड़ती है और ट्रॉली से जाने में भी खतरा बना हुआ है। शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणाें ने जिलाधिकारी और लोनिवि के ईई से वार्ता कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्योति देवी, प्रधान संगठन के महामंत्री पुष्कर सिंह राणा, नंदी राणा, आलम सिंह, गुमान सिंह, बख्तावर सिंह, जगत सिंह, दिनेश सिंह, नंदा सिंह आदि ने कहा कि ट्रॉली से आने-जाने के दौरान यहां खतरा बना हुआ है। ट्रॉली खींचने के लिए भी पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं। एक कर्मचारी एक छोर और दूसरा दूसरी छोर पर है जबकि यहां चार कर्मी होने चाहिए। कहा कि जुवा ग्वाड़ गांव में भोटिया जनजाति के परिवार रहते हैं। ग्रामीणों को कोई भी सामान लाने के लिए जोशीमठ और तपोवन जाना पड़ता है और बार-बार ट्रॉली से आवाजाही करना खतरे का सबब बना हुआ है। उन्होंने शीघ्र पुल निर्माण की मांग उठाई है।