आदिबदरी। आगामी 14 जनवरी से 21 जनवरी तक आदिबदरी मंदिर के कपाट उद्घाटन महाभिषेक समारोह को लेकर आदिबदरी मंदिर समिति व पर्यटन विकास समिति ने तैयारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में कार्यक्रम को भव्य बनाने पर चर्चा की गई।
मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा और महासचिव हिमेंद्र कुंवर ने बताया कि गढ़वाल के सबसे बड़े मंदिर समूह आदिबदरी को जागेश्वर धाम व कैंची धाम की तरह धार्मिक पर्यटन का मुख्य केंद्र बनाने के लिए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मांग की गई है। कपाट उद्घाटन महाभिषेक समारोह के दौरान एक सप्ताह तक मंदिर परिसर में भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कई अनुष्ठानिक कार्यक्रमों के साथ क्षेत्रीय महिला मंगल दलों व क्षेत्रीय विद्यालयों के धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। बैठक में कोषाध्यक्ष बलवंत भंडारी, उपाध्यक्ष गंगा सिंह रावत, वीरेंद्र प्रभु, विजय चमोला, नरेश बरमोला, जोत नेगी, प्यारे लाल शाह और माया बहुगुणा आदि मौजूद रहे। संवाद