कर्णप्रयाग। उमा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। उन्होंने गढ़वाली, कुमाऊंनी, नेपाली, हिमाचली के साथ छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कॉलेज में रविवार को हुए कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस दौरान उतरैणी कौथिग लगयूं च..., मेरी मठयाणा मां..., हाय जुन्याली रात..., ओ लाली ओ लाली होसियां...नेपाली गीत रूकुम मैकोटा....हिमाचली गीत सुन छोरिये.. आदि की शानदार प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा योगासन, प्राणायम, नाटक और कव्वाली भी प्रस्तुतियां मनमोहक रही। कार्यक्रम में रेलवे विकास निगम के एजीएम ओपी मलगुड़ी, प्रख्यात हंटर लखपत सिंह रावत, असि. प्रो. कीर्तिराम डंगवाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बृजेश बिष्ट आदि बतौर अतिथि शामिल हुए। जबकि शंभू प्रसाद चमोला मुख्य वक्ता रहे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामेश्वर सती ने विद्यालय की प्रगति आख्या रखी। वहीं मेधावी 20 से अधिक छात्र-छात्राओं को कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भरत दानू, बीपी बेंजवाल, महेंद्र लूथरा, शांति गुंसाईं, शशि खंडूड़ी, दिनेश कुनियाल, भगवान कंडवाल, चिंतामणि सेमवाल, सभासद रीना रावत एवं हेमा डिमरी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक आदि मौजूद थे।