पोखरी। मोहनखाल-चोपता-तुंगनाथ मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता ने फिर से आंदोलन के लिए लामबंद होने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के आश्वासन के एक वर्ष बाद भी सड़क का न तो सर्वेक्षण शुरू हुआ और न ही विभागीय स्तर पर कोई योजना तैयार हुई है। इससे लोगों में आक्रोश है।
सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी, उपाध्यक्ष दीपक थपलियाल, सचिव वासुदेव नेगी, सलाहकार आनंद सिंह राणा, मोहनखाल व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, देवी प्रसाद थपलियाल, मानवेंद्र बर्त्वाल ने मंगलवार को बैठक की। इस दौरान सड़क को लेकर फिर से आंदोलन शुरू करने की रणनीति बनाई गई। कहा गया कि सड़क निर्माण से पोखरी क्षेत्र भी पर्यटन और तीर्थाटन से जुड़ जाएगा। पोखरी क्षेत्र भी पर्यटन मानचित्र पर आ जाएगा लेकिन सरकार सड़क निर्माण में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सड़क निर्माण की मांग की। मांग पूरी न होने पर मोहनखाल में जनांदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। संवाद