कफारतीर गांव में आयोजित वीसी दरवान सिंह नेगी राजकीय शौर्य महोत्सव के दूसरे दिन लोकगायक गजेंद्र राणा और दिनेश नेगी ने शानदार लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। बबली तेरो मोबाइल... गीत पर लोग पंडाल में देर तक थिरकते रहे। कार्यक्रम में महिला मंगल दलों व शिक्षण संस्थाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी खूब रंग जमाया।
लोकगायक गजेंद्र राणा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत जै हो नंदा माता तेरी जै बोला..., गढ कुंमों की माता तेरी जै बोला... गीत से की। इसके बाद उन्होंने तीले धारू बोला हे लीला घस्यारी..., पुष्पा छोरी पौडीखाल की... और बबली तेरो मोबाइल... जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। लोकगायक दिनेश नेगी ने मेरा भोला कैलाश रोंदा रे... और क्रीम पोडर घिसने किले न... की प्रस्तुति दी। रूपकुंड कला मंच के कलाकारों ने टीम लीडर किशन दानू के निर्देशन में लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा चोपता, भंगोटा, रैंस, तुनेडा और सुनभी महिला मंगल दलों के कार्यक्रम भी सराहनीय रहे। कार्यक्रम में गढ़वाल राइफल्स सेंटर लैंसडौन का ब्रासबैंड आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर वीसी दरवानसिंह नेगी वार मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष लखपत नेगी, सचिव गंभीर नेगी, प्रधान सुदर्शन नेगी, दीपेंद्र नेगी, हरीश पंत, जयानंद सती आदि मौजूद रहे।
कृषक हयात सिंह और पुष्पा देवी को किया सम्मानित
देवाल। लोहाजंग में सांस्कृतिक एवं औद्योगिक पर्यटन विकास मेले के दूसरे दिन गोपीनाथ कला मंच ने लोकगीत व लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान हुआ अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट जीआईसी मुंदोली ने जीता। मेले में हरनी गांव के जड़ीबूटी कृषक हयात सिंह व वांक गांव की सब्जी उत्पादन महिला कृषक पुष्पा देवी को सम्मानित भी किया गया।
विधायक भूपालराम टम्टा ने उन्हें यह सम्मान दिया। इस मौके पर मेलाध्यक्ष इंद्रसिंह राणा, कर्नल डीएस वर्थवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष प्रद्युमन सिंह, नरेंद्र बिष्ट, देवा नेगी, भुवन बिष्ट आदि शामिल रहे। इस दौरान मेला समिति ने वाण से वेदनी के लिए रोपवे, कुलिंग-दीदिना मोटर मार्ग निर्माण, लाटू मंदिर वाण को धाम घोषित करने, लोहाजंग, आयजनटाप को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने आदि की मांग को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन विधायक को दिया।