अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर नंदिनी निजी दौरे पर पहुंचीं गौचर
ट्रायल के दौरान मिली क्रिकेटरों से, क्रिकेटरों से साझा किए अनुभव
भारत की सीनियर महिला टीम के अभ्यास शिविर में शामिल होंगी नंदिनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। सोमवार को निजी दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर नंदिनी कश्यप गौचर पहुंचीं। यहां नंदिनी ट्रायल के दौरान अंडर-16 आयु वर्ग के क्रिकेटरों से मिली। नंदिनी ने क्रिकेटरों से अपने अनुभव साझा किए और फिटनेस के साथ ही खान पान पर ध्यान देने की बात कही। कहा कि जल्द ही वह भारत की सीनियर महिला टीम के अभ्यास शिविर के लिए जाएंगी।
हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी-20 मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल रहीं नंदिनी कश्यप ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलों में आगे बढ़ना है तो फिटनेस पर ध्यान होगा। खान पान में संतुलित आहार लें और शीतल पेय सहित फास्ट फूड से बचना होगा। कहा कि सीनियर खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए। नंदिनी ने कहा कि वो जल्द ही भारत की सीनियर महिला टीम के अभ्यास शिविर के लिए जाएंगी। इससे पूर्व पर्वतीय क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नंदिनी का गौचर में स्वागत किया। इस दौरान एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पवन भंडारी, जिला सचिव नरेंद्र साह, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप भंडारी, नंदिनी कश्यप के पिता उमेश कश्यप, माता बबीता, सतेंद्र सिंंह कुंवर और चंद्र मोहन चौहान आदि मौजूद थे।
इंसेट
ट्रायल प्रक्रिया हुई संपन्न
कर्णप्रयाग। पर्वतीय क्रिकेट एसोसिएशन चमोली की ओर से गौचर खेल मैदान में चमोली जिले की अंडर-16 क्रिकेट टीम की बालक वर्ग की चयन प्रक्रिया संपन्न हो गई। चयन प्रक्रिया में चमोली जिले के लगभग 35 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चयनकर्ता प्रवीण कठैत और नवीन खंडूड़ी रहे। मौके पर अभिषेक नेगी आदि मौजूद थे। संवाद