जिले के अधिकांश निजी विद्यालयों ने बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। बच्चों के अभिभावकों का ग्रुप बनाकर गृहकार्य और नई कक्षा के विषयों की जानकारी दी जा रही है। सबसे पहले विद्या भारती के विद्यालयों ने यह पहल शुरू की। इसके बाद अन्य निजी विद्यालयों ने भी ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गई हैं।
चमोली जिले में विद्या भारती संगठन के 32 सरस्वती शिशु मंदिर (कक्षा 1 से 5 तक) और 10 विद्या मंदिर (6वीं से 10वीं तक) के विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। लॉकडाउन के कारण विद्यालयों के बंद होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो गई है। इसे देखते हुए विद्या भारती ने संगीत के साथ ही अन्य विषयों का संचालन ऑनलाइन शुरू कर दिया है। अन्य निजी विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी व्हाट्सएप व ऑनलाइन गृह कार्य दिया जा रहा है। बाल भवन के निदेशक विनोद रावत का कहना है कि ऐसे समय में ऑनलाइन पढ़ाई बेहद जरूरी है। इससे बच्चे पढ़ाई के संपर्क में रहेंगे। अभिभावक आस्था तिवारी, आरती देवी व प्रवीण भट्ट का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चों को लाभ मिलेगा।