जोशीमठ को ओबीसी में शामिल करने का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर जनता का तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 96वें दिन भी जारी रहा।
मांग को लेकर पैनखंडा संघर्ष समिति के नेतृत्व में 16 दिसंबर को जोशीमठ बाजार बंद और चक्का जाम करने का ऐलान किया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने इस संबंध में एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र सिंह को ज्ञापन भी सौंपा। संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश सती ने कहा यदि 17 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट में ओबीसी का एजेंडा नहीं रखा गया तो भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
आंदोलन स्थगित किया
गोपेश्वर। संपूर्ण चमोली जिले को ओबीसी में शामिल करने की मांग को लेकर संयुक्त युवा मंच ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। मंच के पदाधिकारियों ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
मंच के सदस्य रविंद्र बर्तवाल और योगेंद्र बर्तवाल ने कहा यदि मांग पर शीघ्र शासन स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।