गोपेश्वर के समीप दो जगह जल रहीं पहाड़ियां
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के कर्मी और फायर वाचर भी नहीं बुझा पाए आग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/ज्योतिर्मठ। बारिश और बर्फबारी न होने से जमीन की नमी कम होने के कारण अब पहाड़ियों पर आग लगने लगी है। गोपेश्वर नगर क्षेत्र के समीप गंगोलगांव, रौली की पहाड़ियों पर मंगलवार को दिनभर आग लगी रही। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के कर्मी और फायर वाचर पहाड़ी पर तो गए लेकिन यहां चट्टानी भाग होने के कारण आग बुझाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में यहां देर शाम तक भी आग लगी रही। दूसरी ओर चांई गांव के ऊपर की पहाड़ी पर लगी दूसरे दिन बुझा दी गई।
बारिश और बर्फबारी न होने से जमीन की नमी कम होने लगी है और पहाड़ियों पर आग लगने लगी है। लासी, सरतोली गांव की पहाड़ियों के साथ ही पीपलकोटी के मठ और ज्योतिर्मठ के चांई गांव की पहाड़ियों पर आग लग चुकी है। पहाड़ियों पर घास सूखी है और यहां असामाजिक तत्व आग लगा रहे हैं। मंगलवार को सुबह गंगोलगांव के समीप की पहाड़ी पर कुछ लोगों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग रौली गांव के ऊपर पहाड़ियों तक पहुंच गई। आग लगने से पहाड़ियां काली हो गई हैं। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के रेंजर जुगल किशोर चौहान ने बताया कि मौके पर वन कर्मी और फायर वाचर पहुंच गए हैं लेकिन आग ऊपर से नीचे की तरफ लगी होने से आग बुझाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं ज्योतिर्मठ के समीप चांई गांव के ऊपर की पहाड़ी पर सोमवार को अपराह्न तीन बजे से लगी आग मंगलवार देर शाम बुझा दी गई।
वनाग्नि सुरक्षा को लेकर की मॉक ड्रिल
पोखरी। वनाग्नि सुरक्षा को लेकर केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की ओर से माॅक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जंगल में आग लगने पर कम समय में टीम मौके पर पहुंचे और तेजी से वनाग्नि पर काबू करे इसकी तैयारियां परखीं गईं। वन विभाग की ओर से खाल बजेठा बीट के जंगल में राजस्व और पुलिस कर्मियों ने मॉक ड्रिल की। साथ ही ही ग्रामीणों को भी वनाग्नि को लेकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर राजस्व उपनिरीक्षक मनोज बर्त्वाल, मनीष सिंह, वन दरोगा बीरेंद्र सिंह नेगी, मदन मोहन सेमवाल, सचिन सिलोडी और अमित मैठाणी आदि मौजूद रहे। संवाद