कोरोना संक्रमण का असर पर्यटन पर दिखने लगा है। कुछ दिनों पहले तक पर्यटकों से गुलजार रहने वाली औली में अब कम ही पर्यटक नजर आ रहे हैं। स्थिति यह है कि जीएमवीएन के रोपवे में रविवार से कोई बुकिंग नहीं आई।
यह सीजन पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस समय लोग बड़ी संख्या में घूमने के लिए यहां आते हैं। चारधाम यात्रा से पहले पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहते थे लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों का असर पर्यटन पर पड़ने लगा है। पिछले साल चौपट रहे पर्यटन व्यवसाय के इस साल पटरी पर आने के आसार थे, लेकिन इस बार भी पुरानी जैसी ही स्थिति होने लगी है। इन दिनों रोपवे से जाने वालों का जहां तांता लगा रहता था वहीं लोगों बीते रविवार से एक भी पर्यटक रोपेवे से नहीं गया है। स्थिति यह है कि कुछ दिनों से औली में जमकर बर्फबारी हो रही है, लेकिन यहां गिनती के ही पर्यटक हैं। वहीं रोपवे प्रबंधक दिनेश मलासी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण काफी कम पर्यटक आ रहे हैं। रोपवे पर पांच दिनों से कोई बुकिंग कराने नहीं आया।