एसबीआई शाखा कर्णप्रयाग में बृहस्पतिवार को दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले। इस पर बैंक को एक दिन के लिए बंद कर यहां सैनिटाइजेशन किया गया।
बैंक कर्मचारियों को सर्दी, जुकाम की शिकायत हुई थी, जिस पर उनका टेस्ट कराया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों कर्मचारी आइसोलेशन में हैं। जबकि अन्य कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया। प्रबंधक पीके झा ने कहा कि सैनिटाइज के बाद शुक्रवार (आज) बैंक खोल दिया जाएगा। वहीं, कर्णप्रयाग में लगातार मिल रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए लोग घरों से बाहर कम निकल रहे हैं। कर्णप्रयाग, सिमली, लंगासू, थराली, आदिबदरी, नारायणबगड़, देवाल बाजारों में दोपहर दो बजे के बाद सन्नाटा पसरा है। सुबह लोग सामान की खरीदारी के लिए बाजार आ रहे हैं लेकिन शाम होते ही सड़कें सूनी दिख रही हैं।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में 32 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए श्रीनगर भेजे गए। पीएचसी में कार्यरत ललित जुयाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में 32 के सैंपल लिए गए। वहीं सवाड़, ल्वाणी में सौ से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
कोरोना संक्रमित 34 वर्षीय युवक की मौत
श्रीनगर। चमोली जिले के कोरोना संक्रमित एक युवक की कोविड अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों ने युवक की मौत की वजह कोरोना संक्रमण से हृदय एवं फेफड़ों का काम करना बंद बताया है। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि 18 अप्रैल की शाम चमोली जिले के घाट से एक युवक (34) को बेस अस्पताल श्रीकोट लाया गया। रेपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आने पर उसे कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया। 21 अप्रैल की शाम 5 बजे उसने कोविड आईसीयू में दम तोड़ दिया। संवाद
रुद्रप्रयाग : कोरोना केस की संख्या 300 के पार
रुद्रप्रयाग। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन सौ के पार हो गई है। एक सप्ताह से प्रतिदिन औसतन 30 से अधिक मरीज कोविड अस्पताल पहुंच रहे हैं। संक्रमितों में अधिकांश को होम आइसोलेशन में रखते हुए उनकी नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 311 पहुंच गई है, जिसमें तीन सौ एक्टिव हैं। विभागीय स्तर सैंपलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही चिरबटिया व सिरोहबगड़ से जिले में प्रवेश करने वाले लोगों के बारे में पूरी जानकारी लेकर अनिवार्य सैंपल लिए जा रहे हैं। प्रतिदिन पांच सौ से अधिक लोगों की आरटीपीसीआर व ट्रूनेट तकनीक से टेस्टिंग की जा रही है।
दोपहर 2 बजे के बाद बंद हो रही दुकानें
आदिबदरी/देवाल। शासन की ओर से दोपहर दो बजे के बाद बाजार बंद के निर्देशों का आदिबदरी व पीपलचट्टी बाजारों में पूरी तरह पालन किया गया। ढ़मकर, नगली, भलसों,प्यूंरा पज्याणां, सुगड़, खाल, कुमखोडी गांवों के लोग दो बजे से पहले ही बाजार से खरीदारी कर के गांवों को लौट गए। जीआईसी आदिबदरी के छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे लेकिन स्कूल बंद होने की सूचना पर वे घरों को लौट गए। वहीं देवाल में पुलिस ने दुकानदारों से शाम सात बजे के बाद अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की। चौकी प्रभारी जसपाल गुसाईं ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए क्षेत्र में शाम दो बजे व ग्रामीणों क्षेत्र के दुकान शाम सात बजे तक खुले रहेंगे। उन्होंने सभी लोगों से मास्क का प्रयोग करने और सामाजिक दूरी बनाने की अपील की। संवाद
शादी की खरीदारी के लिए लोग रहे परेशान
थराली। बृहस्पतिवार को दो बजे के बाद थराली में बाजार सुनसान रहा। बाजार बंद होने के से तहसील और अन्य कार्यालयों में आए लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शादियों का सीजन होने के कारण लोगों को खरीदारी करने में परेशानी हो रही है। वहीं दूसरी तरफ शादियों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही र्है। कोई भी व्यक्ति मास्क पहने नजर नहीं आया। साथ ही वाहनों में लोग अधिक संख्या में बैठे दिखे। संवाद