टिहरी जिले के कीर्तिनगर तहसील के घंडियालधार क्षेत्र में गुरुग्राम से लौटे कोरोना पॉजिटिव युवक के सीधे संपर्क में आए नौ और लोगों के सैंपल लिए गए। अब तक कुल 39 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना संक्रमित युवक के गांव में राजस्व और रेगुलर पुलिस ने गश्त की। 11 मई को गुरुग्राम से घंडियालधार का एक युवक अपने गांव लौटा था। 19 मई को उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला। 20 मई को स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी कीर्तिनगर, राजस्व कर्मियों, एएनएम और युवक के परिजनों के सैंपल लिए, जबकि बृहस्पतिवार को 9 सैंपल और लिए गए। एसडीएम कीर्तिनगर संदीप तिवारी ने बताया कि युवक के गांव की सीमाएं सील हैं। साथ ही रास्तों को सैनिटाइज किया गया।
चमोली : 20 की रिपोर्ट नेगेटिव, 12 और सैंपल भेजे
गोपेश्वर। चमोली जिले से भेजे गए 20 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिले से अब तक 91 सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें एक ही पॉजिटिव आई है। वहीं बृहस्पतिवार को 12 और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।