गोपेश्वर कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण करते चमोली के नवनियुक्ति जिलाधिकारी हिमांशु खुराना।
- फोटो : GOPESHWAR
चमोली जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सबसे पहले कलक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के साथ ही कोषागार का निरीक्षण किया। पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और कलक्ट्रेट अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट किए।
जिलाधिकारी हिमांशु खुराना वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे रुद्रप्रयाग व रानीखेत में संयुक्त मजिस्ट्रेट, काशीपुर में नगर आयुक्त और यूएस नगर व पौड़ी में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। चमोली जनपद आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है और नवनियुक्त जिलाधिकारी के समक्ष आपदा से निपटने की चुनौती रहेगी। साथ ही पलायन को रोकने के लिए लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने और बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान की मॉनीटरिंग और जिले में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने की भी की चुनौती रहेगी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक धन सिंह तोमर, प्रभारी मुख्य कोषाधिकारी दीपिका चौहान, उपकोषाधिकारी सत्य प्रसाद गौड़ और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के साथ ही कई अधिकारी मौजूद थे।