31 युवा लेंगे 10 दिन का प्रशिक्षण, पर्यटक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पर्यटकों को क्षेत्र की भौगोलिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक व अन्य जानकारी देने के लिए जिले में नेचर गाइड की टीम तैयार की जा रही है। हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय ने पर्यटन विभाग के सहयोग से पीजी कॉलेज गोपेश्वर में युवाओं के लिए नेचर गाइड का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया है जिसमें 31 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं।
शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चमोली जिले में साहसिक पर्यटन, ईको टूरिज्म, बाॅर्डर टूरिज्म, बर्ड वाॅचिंग, कैंपिंग, कृषि उद्यान पर्यटन, जंगल पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन आदि की अपार संभावनाएं हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सोबन सिंह राणा ने बताया कि प्रशिक्षण में 30 युवक और एक युवती शामिल है। युवाओं को अच्छा गाइड बनाने के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें धार्मिक व पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. आरसी भट्ट, प्रो. डीआर पुरोहित, प्रो. अमित कुमार जायसवाल, प्रो. डाॅ. सर्वेश उनियाल, प्रो. डाॅ. अमित भट्ट सहित पीजी कॉलेज गोपेश्वर के प्रोफेसर भी मौजूद रहे।