ज्योतिर्मठ। नगर में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों से सड़कों की स्थिति बदहाल बनी हुई है। खासकर नृसिंह मंदिर मार्ग पर कहीं धूल तो कहीं पानी सड़क पर बह रहा है। जगह-जगह मलबा, मशीनें व मिट्टी पड़ी होने से वाहनों की आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बदरीनाथ यात्रा के धाम की ओर जाने वाले वाहनों को मारवाड़ी चौक से होते हुए नृसिंह मंदिर मार्ग से होकर भेजा जाता है लेकिन इस साल सड़क की स्थिति बदहाल बनी है। यात्रा शुरू होने से पहले ही नृसिंह मंदिर मार्ग पर सुरक्षात्मक कार्य शुरू हो गए थे। इसके लिए सड़क पर भारी वाहन, मशीनें आदि रखे हुए हैं। सड़क किनारे नाली नहीं है। इससे पानी सड़क पर बहता रहता है। मिट्टी, कीचड़ व गड्ढे होने से भारी वाहन अक्सर फंसते रहते हैं। ऐसे में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नृसिंह मंदिर वार्ड के सभासद दीपक शाह का कहना है कि इस बारे में प्रशासन व विभाग को कई बार अवगत करा दिया है लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं निकल पाया है। संवाद