शासन ने 1.50 करोड़ की धनराशि जारी की
संवाद न्यूज एंजेसी
नारायणबगड़। कड़ाकोट और बधाण पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले नारायणबगड़-परखाल मोटर पुल की जल्द मरम्मत होगी। शासन ने मोटर पुल के लिए 1.50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। स्थानीय लोग पुल की मरम्मत की लंबे समय से मांग कर रहे थे।
ब्लॉक मुख्यालय नारायणबगड़ में पिछले दो वर्षों से अधिक समय से पिंडर नदी के ऊपर स्थित नारायणबगड़-परखाल पुल क्षतिग्रस्त बना है। नब्बे के दशक में बने 85 मीटर लंबे स्टील गार्डर के पुल पर बिछाई गई लोहे की चादरें क्षतिग्रस्त हो गई हैं साथ ही मोटर पुल के गार्डर भी झुक गई है। हालांकि खतरे को देखते हुए पूर्व में लोनिवि ने पुल की मरम्मत की। बड़े वाहनों की आवाजाही भी रोकी फिर भी मोटर पुल से भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन जारी है। कड़ाकोट तथा बधाण पट्टी के दर्जनों गांवों की लाइफलाइन नारायणबगड़-परखाल मोटर मार्ग पर बने इस पुल की मरम्मत की मांग ग्रामीण लंबे समय से करते आ रहे हैं। अब शासन की ओर से पुल की मरम्मत के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। इससे 24 से अधिक गांवों के लिए आवागमन आसान हो सकेगा। साथ ही दुर्घटनाओं पर भी लगाम लग पाएगी। वहीं लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता दिनेश गुप्ता का कहना है कि जल्द क्षतिग्रस्त मोटर पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान पुल पर आवाजाही बंद रहेगी।