मां नंदा लोकजात यात्रा से लौटी दशोली की मां नंदा शुक्रवार को सिद्धपीठ कुरूड़ पहुंच गई है। मां नंदा की डोली बृहस्पतिवार को बालपाटा बुग्याल में लोकजात की पूजा संपन्न कर रात्रि विश्राम के लिये धूनी गांव पहुंची थी।
शुक्रवार को प्रात:कालीन पूजा अर्चना के बाद सैकड़ों भक्तों के साथ मां नंदा धूनी गांव से सिद्धपीठ कुरूड़ पहुंची। यहां देवी भक्तों ने मां के जयकारों के साथ देवी का स्वागत किया। इस दौरान कुरूड़ मंदिर में विशेष पूजा अनुष्ठान का आयोजन किया गया। यहां दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
देवी भक्तों ने मां की पूजा अर्चना की। शाम तीन बजे यज्ञ अनुष्ठान संपन्न होने के साथ मां नंदा मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान हो गई हैं। इस मौके पंडित दिनेश गौड़, मुंशी चंद्र, मंशाराम, पीतांबर दत्त, महिलाप सिंह, गब्बर सिंह आदि मौजूद थे। ब्यूरो