नगर में लंबे समय से चल रही पेयजल किल्लत को दूर करने की मांग पर मंगलवार को व्यापार संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने आक्रोश व्यक्त किया कि बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के बावजूद जोशीमठ में पेयजल किल्लत बनी हुई है। जिन मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति हो भी रही है, वहां मिट्टी और कूड़ायुक्त पानी सप्लाई हो रहा है।
मंगलवार को सुबह ग्यारह बजे जुलूस की शक्ल में व्यापार संघ और भाजपा कार्यकर्ता जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। यहां जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय में न मिलने पर कार्यकर्ता प्रदर्शन कर तहसील मुख्यालय पहुंचे।
यहां भी प्रशासन और जल संस्थान के विरोध में प्रदर्शन कर एसडीएम के माध्यम से डीएम और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने कहा कि पेयजल योजनाओं के मुख्य स्रोत पर पर्याप्त पानी होने के बावजूद जोशीमठ में पेयजल किल्लत गहरा रही है।
इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, अमित सती, भगवती नंबूरी, रमेश डिमरी, केशव मलासी, नितिन व्यास, प्रदीप डिमरी, कुलदीप कठैत, राजेंद्र सकलानी, लक्ष्मण फरकिया और मुकेश डिमरी आदि मौजूद थे।