सुदूर गांवों को सड़क से जोड़ने की सरकार की कवायद धरातल पर नहीं उतर पा रही है। पोखरी ब्लॉक के सुदूर गांव गुणम, बदाणा, आमणीधार, सिदेली, कुलेंडु, नैल, नौली, मसोली और गोदली गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए वर्ष 2010 में पांच किमी हापला-गुड़म सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया था, पर तीन किमी के बाद यह सड़क मोटर पुल निर्माण पर अटक गई।
पुल नहीं बनने से दो वर्ष से आगे की सड़क का निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। यहां 36 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण होना है। विगत फरवरी माह में लोनिवि के अधिकारियों ने दावा किया था कि पुल का डिजाइन बनकर तैयार हो गया है, बावजूद इसके अभी तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
चंद्रशिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, गुड़म की प्रधान गुड्डी देवी और नैल की प्रधान दीपा देवी का कहना है कि सड़क और पुल निर्माण कार्य शुरू करने की मांग को लेकर कई बार लोनिवि के अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण अपने घर के लिए पांच किमी की पैदल दूरी तय कर रहे हैं। ग्रामीण तेजवीर सिंह नेगी, कमल सिंह नेगी, कुंवर सिंह नेगी, सतीश, सुजान सिंह, देवेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इधर, लोनिवि पोखरी के अधिशासी अभियंता पीएल वर्मा का कहना है कि ऋषिकेश में पुल का डिजाइन बनकर तैयार हो गया है। सहायक अभियंता रजत जैन को ऋषिकेश भेजा गया है, पुल का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।