चमोली के बंड क्षेत्र में मां नंदा की डोली और छंतोली का स्वागत करते ग्रामीण।
- फोटो : GOPESHWAR
सिद्धपीठ कुरुड़ से विदा होकर मां नंदा राजराजेश्वरी की डोली मंगलवार को बंड क्षेत्र के बाटुला, मायापुर होते हुए रात्रि प्रवास के लिए दिगोली गांव पहुंच गई है। यहां देवी भक्तों ने डोली का फूल-मालाओं से स्वागत किया। ध्याणियों और महिलाओं ने मां नंदा को शृंगार सामग्री के साथ ही ककड़ी, मुंगरी (मक्का) व अन्य सब्जी और फल भेंट किए।
बंड क्षेत्र में पहली बार मां नंदा की डोली का भ्रमण कार्यक्रम किया गया है। यहां पूर्व में छंतोली (मां नंदा का निशाण) ही गांव-गांव भ्रमण करतीं थी। इस बार ग्रामीण अपनी आराध्य देवी को उत्सव डोली में विराजमान कर कैलाश के लिए विदा कर रहे हैं। बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह ने बताया कि देव डोली 31 अगस्त को बंड भूमियाल मंदिर में प्रवेश करेगी। यहां रात्रि जागरण कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि निजमुला घाटी के गांवों से होते हुए तीन सितंबर को डोली नंदा सप्तमी को नरेला बुग्याल पहुंचेगी। यहां मां नंदा की पूजाएं होंगी। इस मौके पर अजय भंडारी, प्रदीप नेगी, देवेंद्र, धर्मेंद्र रावत, दीपक शाह, सूरज नेगी, विजय प्रसाद मलासी, संगीता नेगी, उमेश सती, उमेश हटवाल, शंभु प्रसाद सती और अयोध्या प्रसाद हटवाल आदि मौजूद रहे।