नंदप्रयाग के पर्थाडीप में भूस्खलन के कारण श्रीनगर से सप्लाई हो रही 66 केवी की बिजली लाइन का टॉवर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बदरीनाथ धाम सहित चमोली जिले के लगभग 250 गांवों में बिजली सप्लाई ठप पड़ गई है। पर्थाडीप में बिजली लाइन के दो अन्य टॉवर भी भूस्खलन की जद में हैं।
पर्थाडीप में बिजली लाइन का टॉवर क्षतिग्रस्त होने से मंगलवार को गोपेश्वर, चमोली, जोशीमठ, पीपलकोटी, पांडुकेश्वर, गोविंदघाट सहित अन्य गांवों में दिनभर विद्युत सप्लाई ठप रही जिससे लोगों को गर्मी के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ीं। ऊर्जा निगम की ओर से अब यहां वैकल्पिक लाइन खींची जा रही है। पर्थाडीप में विद्युत लाइन के दो अन्य टॉवर भी भूस्खलन की जद में आ गए हैं। वहीं ऊर्जा निगम के ईई सूरज मल्ल ने बताया कि पर्थाडीप में टॉवर क्षतिग्रस्त होने से तार टूट गए हैं। लाइनें जोड़कर बिजली सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल यहां वैकल्पिक बिजली लाइन खींची जा रही है। जल्द बिजली सुचारु कर दी जाएगी।