गैरसैंण। गैरसैंण के पास कालीमाटी में एनएच 109 गत गुरूवार से सड़क का करीब 20 मीटर भाग बहने से यातायात अवरुद्ध है। विधायक अनिल नौटियाल व एसडीएम कमलेश मेहता ने मौके पर जाकर क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेकर मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार दिन व रात लगातार बारिश होने से मरम्मत कार्य नहीं हो सके। जिससे नैनीताल, रानीखेत, रामनगर की तरफ से आने वाले बड़े वाहन व निजी वाहनों को पास में ही खड़ा रह कर सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। बसों व टैक्सियों में यात्रा करने वाले यात्री वाहन बदलकर अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। विभागीय एई अंकित सागवान का कहना है कि बही सड़क पर ह्यूम पाइप बिछा दिए हैं। कार्य प्रगति पर है, मौसम के साथ देने पर सड़क बन जाएगी। कालीमाटी निवासी पूजा देवी ने कहा कि एनएच की लापरवाही के कारण सड़क टूटी है। ग्रामीण हेमंत वर्तवाल ने कहा कि बहुत लंबे समय से दिवालीखाल से गैरसैंण तक के कई कलमट बंद पड़े हैं। जिससे इस प्रकार की घटना हो रही है।