कर्णप्रयाग। एसएसबी स्वयं सेवकों के नौकरी पेंशन की मांग को लेकर विगत 17 साल से चल रहे आंदोलन, अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में धरने को 5000 दिन हो गए हैं। बावजूद सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख न दिखाने से आंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा से चली गुरिल्ला जनजागरण रथयात्रा कर्णप्रयाग पहुंची। यहां सुबह संगम घाट शिवालय तथा उमादेवी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद चमोली जनपद में यात्रा प्रारम्भ करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी ने बताया कि बरसात को देखते हुए बड़ी सभा के स्थान पर रथयात्रा से थराली, नारायणबगड़ क्षेत्र में जनसंपर्क तथा नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होगा। 23 जुलाई को पोखरी, पीपलकोटी क्षेत्र में यात्रा के कार्यक्रम होंगे। 24 जुलाई को गोपेश्वर में सभा एवं रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किए जाएंगे। उन्होंने चमोली जनपद के सभी गुरिल्लाओं से यात्रा मार्ग में संपर्क में रहने की अपील की है। संवाद