नंदासैण मेले के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती महिलाएं।
- फोटो : amar ujala.
चार दिवसीय नंदासैंण पर्यावरण संवर्धन, पर्यटन एवं विकास मेले के अंतिम दिन मांगल गीतों की प्रतियोगिता और लुप्त होता हुड़का वादन खास रहा। मांगल गीत गायन में ऐराली की बालिकाएं प्रथम और पुंडोली की बालिकाएं द्वितीय रहीं। प्रतियोगिता में 20 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
राजकीय इंटर कालेज में हुए समारोह में देवाल के लोक कलाकार किशन दानू एवं साथी कलाकारों ने नंदा देवी के जागर सहित अन्य लोक गीतों की प्रस्तुति दी। मेले में लोक कलाकार सैन दास ने हुड़का वादन की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं के लिए जगदीश नेगी, दिगंबर नेगी, सीएस लिंगवाल, राजेंद्र नेगी, मनोज भट्ट, कर्ण सिंह रावत और मुकेश नेगी को मेला समिति ने सम्मानित किया।
समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला ने मेलों को संस्कृति के प्रचार का माध्यम बताया। इस अवसर पर इंद्रेश मैखुरी, भुवन नौटियाल, सुभाष रावत, भगत सिंह, वीरेंद्र चौधरी, भरत रावत, गजपाल सिंह, याकूब मियां आदि मौजूद थे।
नंदासैंण ने आदिबदरी को हराया
मेले में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताब नंदासैंण ने जीता। नंदासैंण ने आदिबदरी को हराकर ट्रॉफी कब्जाई। वहीं लक्की ड्रा प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार रेफ्रिजरेटर मलेठी की गंगोत्री देवी ने जीता। दूसरा पुरस्कार एलईडी देवल के कुलदीप सिंह और तीसरा पुरस्कार मिक्सर ग्राइंडर मटियाला की सुलोचना देवी ने जीता।