गोपेश्वर के समीप खडोरा गांव में सिलेंडर फटने से लगी आग में झुलसी महिला।
- फोटो : amar ujala.
घिंघराण क्षेत्र के खडोरा गांव में शनिवार को रसाई गैस सिलेंडर फटने से एक महिला झुलस गई है। आग से घर का सामान भी जल गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। 108 की मदद से महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। महिला की स्थिति गंभीर है।
शनिवार को खडोरा गांव निवासी जगत सिंह की पत्नी खेतों में काम निपटा कर दोपहर में घर पहुंचीं। उन्होंने दिन का खाना बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हा जलाना चाहा तो घर में रखे पहले से लीक हो रहे गैस सिलेंडर में आग लग गई और वहां जोरदार धमाका हुआ। इससे भवन में आग लग गई और कमरे का दरवाजा टूट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कमला के कपड़ों में आग लगी है।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग बुझाने के लिए कमला पर रेत डाल दी। गनीमत रही कि महिला के तीनों बच्चे स्कूल गए थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के जवानों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। भवन में लगी आग से घर में रखा लाखों का सामान जल गया।
लोगों ने बताया कि महिला का पति दिल्ली में नौकरी करता है। वह बच्चों के साथ ही यहां रहती है। डा. हिमांशु मिश्रा ने बताया कि महिला 25 फीसदी झुलस चुकी है। उसका इलाज किया जा रहा है।