केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग ने एक व्यक्ति के घर से हिमालयन थार का मांस बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इन दिनों ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पड़ रही भारी ठंड के कारण दुर्लभ वन्य जीव निचले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जिससे वन्य जीव तस्करी की आशंका भी बढ़ गई है। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की वन क्षेत्राधिकारी आरती मैठाणी ने बताया कि उन्हें सोमवार को हिमालयन थार के शिकार की सूचना मिली थी, जिस पर उन्होंने मंडल घाटी के ग्वाड़ गांव में दबिश देकर छापा मारा। इस दौरान ग्वाड़ गांव निवासी संजय बिष्ट के घर से एक किलोग्राम हिमालयन थार का मांस बरामद हुआ। मांस कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बरामद मांस को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है।