गोपेश्वर। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य ममता भट्ट ने विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को बाल शोषण, बाल मजदूरी, बाल तस्करी, यौन उत्पीड़न, अपहरण, नशे और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही बाल पोषण और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी गई। अभियान के तहत विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोपेश्वर, उत्तराखंड पब्लिक स्कूल, जीआईसी ग्वाड़ देवलधार, संस्कृत महाविद्यालय मंडल, जूनियर हाईस्कूल कुनकुली, शारदा सुमन चिल्ड्रन एकेडमी और सरस्वती शिशु मंदिर गोपेश्वर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।