बदरीनाथ हाईवे पर नासूर बना भनेरपाणी भूस्खलन जोन।
- फोटो : GOPESHWAR
भूस्खलन और भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह खतरनाक बना हुआ है, जिससे धाम जाने वाले यात्रियों को रुक-रुककर जाना पड़ रहा है। इससे श्रद्धालुओं का यात्रा शेड्यूल ही बिगड़ रहा है।
कुहेड़, भनेरपाणी, पागननाला और लामबगड़ में हाईवे पर आवाजाही बेहद खतरनाक बनी हुई है। कुहेड़ और भनेरपाणी में ऑलवेदर रोड की हिल कटिंग से चट्टानी भाग से भूस्खलन हो रहा है। पीपलकोटी से करीब छह किमी की दूरी पर स्थित पागल नाले में बारिश होने पर मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ रहे हैं, जिससे दलदल बन गया है।
ऋषिकेश के शूरवीर सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को बदरीनाथ धाम के लिए ऋषिकेश से निकला था। धाम पहुंचने में चार दिन लग गए। बृहस्पतिवार को धाम के दर्शन हुए। पीपलकोटी बंड विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह का कहना है कि बरसात में ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य रोक देना चाहिए। इधर, एनएच के ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि भारी बारिश के कारण हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ रहा है। हाईवे को शीघ्र खोलने के लिए पर्याप्त मशीनें व मैन पावर तैनात किया गया है।
औली सड़क पर पलटी पोकलैंड मशीन, आवाजाही अवरुद्ध
जोशीमठ। औली मोटर मार्ग पर सेना कैंप के समीप एक पोकलैंड मशीन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे बृहस्पतिवार को दिनभर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। हालांकि दोपहर बाद सेना, आईटीबीपी व स्थानीय वाहनों की आवाजाही रविग्राम बाईपास मार्ग से कराई गई। जोशीमठ थाने के थानाध्यक्ष जयपाल नेगी ने बताया कि मशीन को ट्रॉले में औली ले जाया जा रहा था। सेना के गेस्ट हाउस के समीप बैंड पर ट्राला अनियंत्रित हो गया, जिससे मशीन सड़क पर गिर गई। मशीन को ठेकेदार द्वारा आईटीबीपी के कार्य हेतु औली ले जाया जा रहा था।