स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के लिए आयोजित हो रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता
एनसीईआरटी दिल्ली से आए पर्यवेक्षक ने की विद्यालय के कार्यों की सराहना
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। राजकीय जूनियर हाईस्कूल जौरासी का चयन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। एनसीईआरटी (राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद) नई दिल्ली से आए पर्यवेक्षक ने विद्यालय में सफाई संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना की। विजेता को एक लाख रुपये मिलेंगे।
शिक्षक डॉ. बृजेश कठैत ने बताया कि विद्यालय ने पहले ब्लॉक और फिर जिला स्तर पर स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में प्रथम स्थान हासिल किया। राज्य स्तर पर चयनित होने के बाद एनसीईआरटी ने अंतिम मूल्यांकन किया इसमें भी विद्यालय ने उत्कृष्ट स्थान हासिल किया। एनसीईआरटी नई दिल्ली से आए पर्यवेक्षक हेमराज सिंह ने विद्यालय में पहुंचकर परिसर, पौधरोपण, शौचालय व्यवस्था, जल संरक्षण प्रणाली, ईको क्लब की ओर से संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया था। प्रधानाध्यापिका सरला किमोठी के नेतृत्व में विद्यालय में स्वच्छ एवं हरित वातावरण विकसित करने के लिए प्रयास किए गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के चयनित विद्यालयों को ग्रेडिंग दी जाएगी। इसमें प्रथम स्थान हासिल करने वालों को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जूहा स्कूल जौरासी में 37 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।