संकरी हुई सड़क, चौड़ीकरण की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली-गोपेश्वर-ऊखीमठ-कुंड हाईवे पर गोपेश्वर नगर में लग रहे जाम से लोग परेशान हो उठे हैं। नगर के हल्दापानी से सुभाषनगर तक सड़क संकरी होने से जगह-जगह जाम लग रहा है। जाम से बचने के लिए लोग वाहन के बजाय तीन किलोमीटर तक पैदल मुख्य बाजार तक पहुंच रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग (एनएच) के अधीन इस सड़क का चौड़ीकरण कार्य दो वर्ष पूर्व प्रस्तावित हुआ था लेकिन अभी तक चौड़ीकरण की दिशा में कोई कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई है। आए दिन जाम के झाम से लोग परेशान हो रहे हैं। हल्दापानी के सुभाष, जसवंत पंवार और दिगंबर सिंह का कहना है कि नगर में हाईवे का चौड़ीकरण बेहद जरूरी है। स्कूल बस के अलावा ट्रक व बस आने से सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग जाता है। जाम खुलने में एक से दो घंटे लग जाते हैं। कई बार तो वाहन छोड़कर पैदल ही मुख्य बाजार जाते हैं। इधर, एनएच के ईई निर्भय सिंह का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से हाईवे चौड़ीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। जैसे ही स्वीकृति मिल जाएगी, कंसल्टेंट से हाईवे का सर्वेक्षण करवाने के बाद चौड़ीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।