बदरीनाथ हाईवे पर स्थित चमोली बाजार के साथ ही कोठियालसैंण मोहल्ले के लोगों को अब पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा।
मंगलवार को पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कलक्ट्रेट मुख्यालय में 73.45 लाख रुपये की चमोली पेयजल योजना के शिलान्यास के साथ ही 4 करोड़ 12 लाख 39 हजार रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि जिले में सुचारु पेयजल आपूर्ति हो इसके लिए प्रयासरत हैं।
इसके बाद पेयजल मंत्री ने जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने जिले के नगरीय क्षेत्रों में सीवरेज लाइनें बिछाने में हो रही देरी पर जल निगम के अधिकारियों को आड़े हाथ लिया। मंत्री ने कहा कि जोशीमठ में सीवरेज निर्माण में हो रही देरी पर उन्हें लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्होंने अमृत गंगा पेयजल योजना के हेड पर निर्माण कार्य पूर्ण करने और मोहल्लों में नियमित पेयजल आपूर्ति के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर विद्यालयों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। इस मौके पर डिप्टी स्पीकर डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी, थराली विधायक डा. जीतराम, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अरविंद नेगी, कांग्रेस नेता, सुरेश जोशी, कमल रतूड़ी, ओम प्रकाश नेगी, अन्नू कठैत आदि मौजूद थे।
तीन बोली पाठ्यक्रम में करेंगे शामिल
सुबोध प्रेम विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भी शिक्षा मंत्री शामिल हुए। समारोह में उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी बोली को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इस मौके पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी।