कर्णप्रयाग। ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में वीबीजीरामजी योजना की जानकारी दी गई। खंड विकास अधिकारी पवन सिंह कंडारी ने जनप्रतिनिधियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना की जानकारी के बारे में बताया। उन्हाेंने कहा कि पूर्व में मनरेगा के तहत एक साल में 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी लेकिन वीबीजीरामजी योजना में पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। अब औसत दैनिक मजदूरी 327.4 रुपये कर दी गई है। संवाद
करंट से नुकसान पर मुआवजे की मांग
गौचर। वार्ड सभासद गौरव कपूर ने तलधारी कस्बे में करंट से हुए नुकसान पर शीघ्र मुआवजे की मांग की। गत 21 मई को हुई इस घटना में लोगों के बिजली के उपकरण जल गए थे और एक गाय की मौत हो गई थी। सभासद ने कहा कि डेढ़ माह के बाद भी प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने पशुपालक उर्मिला देवी को गाय की मौत पर भी उचित मुआवजा देने की मांग की। यह हादसा तलधारी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर की तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ था। वहीं ऊर्जा निगम के गौचर अनुभाग के अवर अभियंता चंद्र सिंह बुटोला ने बताया कि क्षति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय कार्रवाई के बाद प्रभावितों को मुआवजा मिलेगा। संवाद