जोशीमठ को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर शनिवार को दूसरे दिन भी पैनखंडा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का आमरण अनशन जारी रहा। अनशनकारियों ने कहा कि शीघ्र मांग पर कार्रवाई न होने पर संघर्ष समिति उग्र आंदोलन शुरू कर देगी। महिलाओं ने आंदोलनकारियों के समर्थन में तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
आमरण अनशन पर बैठे समिति के संयोजक भरत सिंह कुंवर, भगवती प्रसाद नंबूरी, मोहन सिंह फरस्वाण, बलवीर रावत, नरेंद्र रावत, ललित थपलियाल, मनमोहन बिष्ट और अंशुल भुजवाण के समर्थन में महिलाओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया।
यहां आयोजित सभा में प्रेम लता बिष्ट, दमयंती भंडारी व देवेश्वरी कपरुवाण ने कहा कि सरकार की ओर से मांग पर ग्रामीणों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। एक ओर सीएम की ओर से क्षेत्र को पिछड़ा क्षेत्र में शामिल करने की घोषणा की गई, वहीं घोषणा के बाद शासनादेश जारी करने को लेकर देरी की जा रही है।
इससे ग्रामीणों में सरकार की मंशा पर संशय पैदा हो रहा है। इस मौके पर किशोर पंवार, कुशल कम्दी, अजीत पाल सिंह, प्रेमा देवी, चंडी बहुगुणा, सुखदेव बिष्ट, मनमोहन सिंह, कुलदीप कठैत और लीलानंद डिमरी आदि मौजूद थे।