ग्रामीणों ने पर्वत देवता और मां भगवती की पूजा कर खुशियां मनाई
कनिष्ठ अभियंता प्रेमचंद पंत और ठेकेदार को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नीती घाटी के सबसे दूरस्थ द्रोणागिरी गांव को सड़क से जोड़ने की ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग फलीभूत होने लगी है। जुम्मा से चट्टानों को काटकर द्रोणागिरी गांव के लिए 6.6 किलोमीटर सड़क के लिए हिल कटिंग पूरी हो गई है। काम पूरा होने पर ग्रामीणों ने अपने आराध्य पर्वत देवता और मां भगवती की पूजा कर खुशियां मनाईं। अभी द्रोणागिरी गांव को यातायात से जोड़ने के लिए चार किमी सड़क बननी बाकी है।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड गोपेश्वर के कनिष्ठ अभियंता प्रेमचंद पंत और ठेकेदार रामबहादुर सलामी को गांव में सम्मानित किया। ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि के अधिकारियों की दृढ़इच्छा शक्ति के बलबूते ही जुम्मा से छियांचा तोक तक 6.6 किलोमीटर सड़क की हिल कटिंग पूरी हुई है। करीब 2.5 किमी तक चट्टानों को काटकर सड़क का निर्माण किया गया। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने दिवंगत अपर आयुक्त हरक सिंह रावत को भी याद किया। कहा कि उन्हीं की प्रयासों से द्रोणागिरी गांव सड़क से जुड़ने जा रहा है। अभी ग्रामीण गांव तक पहुंचने के लिए करीब 10 किमी पैदल दूरी तय कर रहे थे। अब द्रोणागिरी गांव के लिए चार किमी सड़क का निर्माण हो जाएगा तो गांव सड़क से जुड़ जाएगा। इस मौके पर पूर्व प्रधान दीवान सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत, सौणी देवी, निवर्तमान प्रधान रुद्र सिंह रावत, थान सिंह राणा, पूजा समिति के अध्यक्ष बचन सिंह रावत, कागा गांव के निवर्तमान ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह राणा आदि मौजूद रहे।