एनएचएम से ईएनटी, स्त्री रोग, नेत्र और बाल रोग विशेषज्ञ की हुई तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिला अस्पताल गोपेश्वर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत चार नए डॉक्टर मिल गए हैं जिससे लोगों को राहत मिली है। लंबे समय से अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा था अब इस पद पर डॉक्टर की तैनाती हो गई है। इसके अलावा बाल रोग, नेत्र और ईएनटी सर्जन की तैनाती भी हो गई है।
जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ पद पर डॉ. मीनाक्षी रावत, नेत्र सर्जन डॉ. निर्मल प्रसाद, ईएनटी सर्जन डॉ. बंदुगर दिग्विजय सिंह और महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती हो गई है। महिला रोग विशेषज्ञ के अलावा अन्य सभी डॉक्टर ने अस्पताल में तैनाती दे दी है। इसके अलावा पैथोलॉजिस्ट डॉ. वंदना शर्मा ने भी सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं जिससे विभिन्न जांचों में आ रहीं अड़चनें भी दूर हो जाएंगी। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, अरविंद नेगी, ओम प्रकाश भट्ट, संदीप झिंक्वाण आदि ने मुख्य चिकित्साधिकारी से शीघ्र जिला अस्पताल में एमआरआई की सुविधा भी देने की मांग की। कहा कि यह सुविधा न होने से मरीजों को श्रीनगर और देहरादून जाना पड़ रहा है।