अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गडोरा का स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने समारोह का शुभारंभ किया। विधायक ने विद्यालय गेट के लिए एक लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की, साथ ही विद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण का आश्वासन भी दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तेरा मेरा बारा मां, चंबा बाजार मां चर्चा होण लेगी... समेत कई कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ की। उन्होंने तू मेरा दिल, तू मेरी जान, आई लव यू डेडी..., गरबे की रात में धड़के मेरा जीया... आदि गीतों की शानदार प्रस्तुति दीं। छात्राओं ने रामी बौराणी नाटक का मंचन भी किया। नाटक के मंचन में रामी का पति साधु वेश धारण कर उसके पतिव्रता धर्म की परीक्षा लेता है। समारोह की अध्यक्षता पीटीए अध्यक्ष सुनील कोठियाल ने की। इस मौके पर प्रधानाचार्य आरएस बर्तवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, बंड विकास संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र हटवाल, हरीश पुरोहित, हरिदर्शन रावत, खंड शिक्षाधिकारी बीएल टम्टा, राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केके डिमरी, विजय मलासी, सतेंद्र नेगी और मनोज हटवाल मौजूद थे।