नंदप्रयाग-घाट सड़क डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर आंदोलनकारी रविवार से देहरादून की पदयात्रा शुरू करेंगे। घाट से देहरादून तक की 254 किमी दूरी को वह 13 दिन में पूरा करेंगे और 16 अप्रैल को देहरादून में मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
डेढ़ लेन सड़क की मांग को लेकर लोग 120 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, जबकि क्रमिक अनशन को 84 दिन हो गए हैं। आंदोलनकारियों ने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पदयात्रा निकालने का फैसला किया है। रविवार की सुबह घाट से 50 से अधिक कार्यकर्ता देहरादून के लिए पैदल रवाना होंगे। एहतियात के तौर पर दो गाड़ियां भी उनके साथ चलेंगी। आंदोलनकारी व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह ने कहा कि जनता का इसमें पूरा सहयोग मिल रहा है। पांच दिसंबर से शुरू आंदोलन के तहत कई कार्यक्रमों के जरिए सरकार तक अपनी बात पहुंचाई गई, लेकिन सरकार सड़क को लेकर गुमराह कर रही है। इस सड़क से घाट ब्लॉक के 95 गांव और कर्णप्रयाग ब्लॉक के 26 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।