तीन साल पहले सीएम ने आदिबदरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी जो धरातल पर नहीं उतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। धार्मिक स्थल आदिबदरी मंदिर समूह के पास नैनीताल हाईवे के निचले हिस्से में कूड़े के ढेर लगे हैं। बारिश होने पर यह कूड़ा आटागाड़ नदी तक जा सकता है लेकिन इस कूड़े के निस्तारण और यहां डंप हो रहे कूड़े को हटाने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
आदिबदरी तहसील मुख्यालय गैरसैंण विकासखंड में आता है। ग्राम पंचायत होने के नाते हालांकि यहां स्वच्छता के पुख्ता प्रबंध नहीं हैं जिसके चलते यहां लोग लंबे समय से नगर पंचायत बनाने की मांग कर रहे हैं। यही नहीं सीएम ने तीन साल पहले आदिबदरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की, जिसमें राजस्व विभाग ने नगर पंचायत में शामिल होने वाले गांवों की सूची बनाकर प्रशासन को सौंपी लेकिन अब तक नगर पंचायत के प्रयास धरातल पर नहीं उतरे। लोगों का कहना है कि यहां 11 माह मंदिर के कपाट खुले रहते हैं, पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन यहां कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं हो सकी है। वहीं गैरसैंण बीडीओ अशोक कुमार शर्मा का कहना है कि ब्लॉक के पास कूड़ा निस्तारण का वाहन है जिसे लगातार क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। आदिबदरी में सड़क के नीचे डंप हुए कूड़े के निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों और आदिबदरी व्यापार संघ से वार्ता करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।