मेरा गांव मेरी सड़क योजना के अंतर्गत जैसाल गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क के लिए हुए विस्फोट से टीएचडीसी की आवासीय कालोनी के चार कक्ष क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
aटीएचडीसी के अधिकारियों का कहना है कि कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क निर्माण में अनियंत्रित ढंग से विस्फोट किए जा रहे हैं, जिससे यह स्थिति बनी।
रविवार दोपहर डेढ़ बजे टीएचडीसी की आवासीय कालोनी में सुपरवाइजर के क्वाटरों में धीर सिंह पुंडीर, कुलदीप थपलियाल, मुनेंद्र दत्त, प्रदीप घिल्डियाल, दीवान सिंह, मोहन सिंह भंडारी और जीतेंद्र कुमार अपने-अपने कक्षों में विश्राम कर रहे थे कि अचानक हुए विस्फोट से चार कक्षों की छत और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वहां से बाहर भागकर आए।
टीएचडीसी के कर्मचारी मोहन सिंह का कहना है कि अनियंत्रित विस्फोट से कर्मचारियों में दहशत है। खंड विकास अधिकारी दशोली को पूर्व में ही इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कहा गया कि यदि निर्माण से कोई जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी की होगी। इधर, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार का कहना है कि टीएचडीसी की ओर से शिकायत मिली है। शीघ्र बीडीओ को मौके पर भेजा जाएगा।