ज्योतिर्मठ। क्षेत्र के सेलंग गांव के ऊपर जगथाली के समीप स्थित कांचुल के पेड़ों से उनकी बहुमूल्य गांठें वन तस्करों की ओर से निकाले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर दो-तीन वर्षों में तस्कर इन पेड़ों से गांठें निकाल लेते हैं जिससे पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तस्करों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कांचुल के पेड़ों की सुरक्षा की मांग की। ग्रामीण महादीप पंवार ने बताया कि वन तस्करों की गतिविधियों के कारण इन पेड़ों को लगातार क्षति पहुंच रही है। उन्होंने विभाग से दोषियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में वन क्षेत्र अधिकारी गौरव नेगी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। जांच में यदि पेड़ों को नुकसान पहुंचाने या गांठें निकालने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद